रांची। मैक्लुस्कीगंज में जमा देने वाली ठंड पड़ रही है। यह झारखंड का सबसे ठंडा क्षेत्र साबित हो रहा है। न्यूनतम पारा माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। रांची के शहरी क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम लेकिन बाहरी क्षेत्रों में ठंड ने आम जनजीवन को प्रभावित कर रखा है। आसपास के क्षेत्रों में कोहरे और कनकनी का असर देखने को मिल रहा है।
स्थिति यह है कि मैक्लुस्कीगंज में न्यूनतम तापमान माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। तापमान शून्य से नीचे जाते ही जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ और लोग दिनभर ठिठुरने को मजबूर रहे।
भीषण ठंड के कारण मैक्लुस्कीगंज का जनजीवन पूरी तरह ठहर सा गया। सुबह होते ही पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर में लिपटा नजर आया। पेड़-पौधों, खलिहानों, पुआल, खेतों और खुले मैदानों पर जमी बर्फ ने इलाके को पहाड़ी क्षेत्र जैसा दृश्य प्रदान किया।
अत्यधिक सर्दी के कारण लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। वहीं, रांची शहरी क्षेत्र में खिली धूप ने आमजनों को काफी राहत दी। हालांकि, सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा छाया रहता है, जिससे लोग ठिठुरने को मजबूर हैं।
गुरुवार को राजधानी में खिली धूप ने लोगों को ठंड से थोड़ी राहत अवश्य दी है लेकिन मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूवार्नुमान में बताया गया है कि अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। राज्य के 10 जिलों में शीतलहर की संभावना बनी रहेगी। इसे लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। राज्य में कहीं कहीं पर हल्के और मध्यम दर्जे का कोहरा देखा गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान मैक्लुस्कीगंज का माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, कांके का 2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राजधानी रांची का अधिकतम 23.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूवार्नुमान में बताया गया कि 9 जनवरी को उत्तर पश्चिमी क्षेत्र पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार के साथ साथ निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, खूंटी, हजारीबाग, गुमला और बोकारो में शीतलहर की संभावना बनी रहेगी।
इन जिलों के लिए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अगले तीन दो दिनों 9 और 10 जनवरी को न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों यानी 11, 12 और 13 जनवरी को न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। जिससे ठंड से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।



