जयपुर में हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग: तकनीकी खराबी आने पर पायलट ने सुरक्षित उतारा, भोपाल के लिए भरी थी उड़ान – News Junction

A black military helicopter in flight over lush green trees against a clear blue sky.

जयपुर के वामनवाटी गांव में हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई।

जयपुर में एक हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। हेलिकॉप्टर जयपुर से भोपाल (मध्य प्रदेश) जा रहा था। प्राइवेट कंपनी के हेलिकॉप्टर में सवार पायलट और को-पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई। घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे की

.

एवन हेलिकॉप्टर कंपनी के डायरेक्टर सोहन सिंह नाथावत ने बताया- हेलिकॉप्टर देहरादून (उत्तराखंड) से शनिवार शाम 4:30 बजे जयपुर पहुंचा था। इसके बाद हेलिकॉप्टर में फ्यूल रिफ्यूलिंग की प्रक्रिया पूरी की गई। रविवार को मौसम साफ होने के बाद हेलिकॉप्टर ने सुबह 11:02 बजे जयपुर में चौमूं के मलिकपुर स्थित हेलीपैड से भोपाल के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई।

रायसर के नजदीक वामनवाटी गांव में पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई। फिलहाल हमारी टीम हेलिकॉप्टर की तकनीकी खराबी की जांच में जुटी हुई है। इसके बाद एक बार फिर हेलिकॉप्टर को मलिकपुर लाया जाएगा। यहां से उसे दुरुस्त कर भोपाल भेजा जाएगा। यह हेलिकॉप्टर ढिल्लों एविएशन का बेल 206-L4 कैटेगरी का है।

वामनवाटी गांव के खाली पड़े इलाके में हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई।

पुलिस ने बनाया सुरक्षा घेरा हेलिकॉप्टर के गांव में उतरते ही लोग मौके पर इकट्‌ठा हो गए। ग्रामीणों ने रायसर थाना पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस ने एहतियातन हेलिकॉप्टर के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों को दूर किया, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संबंधित एजेंसियों और तकनीकी टीम को सूचना दे दी गई है। स्थिति सामान्य होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बड़ा हादसा टला गांव में अचानक हुई इस घटना के बाद दहशत का माहौल बन गया। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि या नुकसान की सूचना नहीं है। सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग से बड़ा हादसा टल गया, जिससे ग्रामीणों और प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *